रियलिटी शो ‘अलायंस’ में सीमा सजदेह की एंट्री, पूर्व पत्नी को लेकर भावुक हुए सोहेल खान

Reality Show 'Alliance': Seema Sajdeh's Entry Leaves Sohail Khan Emotional Over Ex-Wife

रियलिटी शो ‘अलायंस’ में सीमा सजदेह की एंट्री, पूर्व पत्नी को लेकर भावुक हुए सोहेल खान

 

सीमा को देखकर बोले- 25 साल साथ बिताए, गलती हुई होगी तो मेरी तरफ से हुई होगी

 

रियलिटी गेम शो ‘अलायंस’ के हालिया एपिसोड में अभिनेता सोहेल खान को उस समय बड़ा सरप्राइज मिला, जब उनकी पूर्व पत्नी सीमा सजदेह ने शो में एंट्री की। सीमा को अचानक अपने सामने देखकर सोहेल भावुक नजर आए और उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की।

सीमा की तारीफ करते हुए कही दिल की बात

शो के होस्ट कुणाल खेमू ने सोहेल खान से पूछा कि सीमा को देखकर उन्हें कैसा महसूस हो रहा है। इस पर सोहेल ने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी के करीब 25 साल सीमा के साथ बिताए हैं। उन्होंने सीमा को बेहद खूबसूरत और नेकदिल महिला बताते हुए कहा कि यदि उनके रिश्ते में कभी कोई गलती हुई होगी, तो वह उनकी तरफ से हुई होगी।

दोनों की बॉन्डिंग देख प्रतियोगियों ने बजाईं तालियां

शो के दौरान सोहेल खान और सीमा सजदेह के बीच हुई बातचीत और आपसी सहजता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग देखकर शो में मौजूद अन्य प्रतियोगियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

पहली मुलाकात से शादी तक का सफर

सोहेल खान और सीमा सजदेह की पहली मुलाकात अभिनेता चंकी पांडे की सगाई की पार्टी में हुई थी। बताया जाता है कि सोहेल पहली नजर में ही सीमा को पसंद करने लगे थे। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया।

हालांकि, दोनों अलग-अलग धर्मों से संबंध रखते थे, जिसके कारण सीमा का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। परिवार की असहमति के बावजूद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया और 15 मार्च 1998 को शादी कर ली। इसी दिन सोहेल खान के निर्देशन में बनी पहली फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ भी रिलीज हुई थी। दोनों ने पहले आर्य समाज मंदिर में विवाह किया और बाद में निकाह भी किया।

दो बेटों के माता-पिता हैं सोहेल और सीमा

शादी के बाद वर्ष 2000 में उनके बड़े बेटे निर्वाण का जन्म हुआ, जबकि 2011 में दूसरे बेटे योहान ने जन्म लिया। लंबे वैवाहिक जीवन के बाद वर्ष 2022 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया।

रिश्तों और दोस्ती पर आधारित है ‘अलायंस’

रियलिटी गेम शो ‘अलायंस’ को अभिनेता कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं। यह शो रिश्तों, दोस्ती और बदलते समीकरणों पर आधारित है, जिसमें हर दिन नए मोड़ देखने को मिलते हैं। प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहे इस शो में फिल्म और टीवी जगत के कलाकारों के साथ कई लोकप्रिय इंफ्लुएंसर्स भी हिस्सा ले रहे हैं। शो के प्रतिभागियों में सोहेल खान, मिनी माथुर, कुशल टंडन, नीति टेलर और पायल गेमिंग समेत कई चर्चित चेहरे शामिल हैं।

We need your help to spread this, Please Share

Related posts

Leave a Comment