मुस्लिम मोर्चा ने धूमधाम से मनाया राष्ट्रीय पर्व, तिरंगा यात्रा के बाद मदरसा छात्रों की तकरीरी प्रतियोगिता

Muslim Morcha Celebrates National Festival with Great Enthusiasm, Madrasa Students’ Speech Competition Held After Tricolour March
मुस्लिम मोर्चा ने धूमधाम से मनाया राष्ट्रीय पर्व, तिरंगा यात्रा के बाद मदरसा छात्रों की तकरीरी प्रतियोगिता
नई दिल्ली: ऑल इंडिया यूनाइटेड मुस्लिम मोर्चा एवं मलका बानो मेमोरियल एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में बच्चों, स्थानीय लोगों और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
इसके बाद लक्ष्मी नगर स्थित मुस्लिम मोर्चा कार्यालय में मदरसा छात्रों के लिए तकरीरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मदरसा तालीमुल कुरआन, सितारा मस्जिद, कल्याणपुरी और मदरसा इस्लामिया दारुल कुरआन, मादीपुर के छात्रों के अलावा स्थानीय बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में लगभग 40 छात्र-छात्राओं ने हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी भाषाओं में देशभक्ति, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देश के प्रति जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों पर भाषण प्रस्तुत किए। बच्चों ने राष्ट्रगान भी प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मुफ्ती शादाब हुसैन कासमी, मौलाना जाहिद मुजाहिरी, अध्यक्ष पसमांदा विकास फाउंडेशन उलमा बोर्ड, तथा मौलाना अय्यूब, चेयरमैन अनवारुसमद चैरिटेबल ट्रस्ट, लक्ष्मी नगर शामिल रहे। निर्णायकों ने बच्चों के भाषण, प्रस्तुति और विषय की समझ के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम में बच्चों की हौसला-अफजाई के लिए मुख्य रूप से मौलाना मुमताज कासमी, उपाध्यक्ष, जमीयत उलमा-ए-हिंद, दिल्ली तथा मौलाना फारूक आलम कासमी, मदरसा तालीमुल कुरआन, सितारा मस्जिद, कल्याणपुरी उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि देश के राष्ट्रीय पर्वों के माध्यम से बच्चों में राष्ट्रप्रेम, एकता, भाईचारे और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान ध्वजारोहण लक्ष्मी नगर थाने के एसएचओ द्वारा किया गया, जबकि राष्ट्रगान हाफिज गुलाम सरवर ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर स्थानीय पसमांदा नेता इलमास मंसूरी उर्फ बबलू मंसूरी भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं बल्कि देश की आजादी के लिए दी गई कुर्बानियों को याद करने और संविधान, लोकतंत्र, एकता एवं भाईचारे के मूल्यों को मजबूत करने का दिन भी है। उन्होंने बच्चों से शिक्षा के साथ-साथ देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में ऑल इंडिया यूनाइटेड मुस्लिम मोर्चा की ओर से सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। समारोह में बच्चों और स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
We need your help to spread this, Please Share

Related posts

Leave a Comment